Voice Of Truth

AAP पार्टी की मिर्जापुर से पदयात्रा, जुड़ने के लिए करें कॉल

लखनऊ: आम आदमी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में बेरोज़गारी, पेपर लीक, आरक्षण में घोटालों और बढ़ते सामाजिक भेदभाव के ख़िलाफ़ निर्णायक लड़ाई का एलान करते हुए आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश की प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बताया कि पार्टी अपने तीसरे चरण की ‘रोज़गार दो–सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा की शुरुआत 16 जनवरी से 22 जनवरी तक करेगी। यह पदयात्रा मिर्जापुर के शहीद उद्यान से काशी–वाराणसी के सारनाथ तक लगभग 90–100 किलोमीटर के रुट पर निकाली जाएगी।

Read More: योगी सरकार की साजिश के खिलाफ AAP की पदयात्रा

यात्रा से जुड़ने के लिए कॉल करें

संजय सिंह ने कहा- पार्टी का स्पष्ट उद्देश्य है- युवाओं को नौकरी, वंचित वर्गों को संवैधानिक न्याय और सरकार को जनता के प्रति जवाबदेह बनाना। संजय सिंह ने कहा कि यात्रा से जुड़ने के लिए नंबर 7500040004 पर मिस्ड कॉल दें या मोबाइल नंबर 8588841358 पर कॉल करें।

आप सांसद संजय सिंह ने प्रेस वार्ता में कहा- उत्तर प्रदेश में रोजगार के नाम पर एक संगठित खेल चल रहा है। “कभी पेपर लीक, कभी हाईकोर्ट से स्टे, कभी सुप्रीम कोर्ट में सरकार की अपील—नतीजा यह कि नौजवान हाथ में फाइल और आंखों में सपने लिए दर-दर भटक रहा है।” उन्होंने कहा कि लेखपाल, दरोगा, सिपाही, पीसीएस-जे जैसी परीक्षाओं में बार-बार गड़बड़ियां कराकर युवाओं का भविष्य चौपट किया गया है।

संजय सिंह का यूपी सरकार पर आरोप

संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रियाओं में ओबीसी, एससी और एसटी के संवैधानिक आरक्षण को सुनियोजित तरीके से कमजोर किया गया। “69,000 शिक्षक भर्ती हो, बांदा विश्वविद्यालय, लखीमपुर कोऑपरेटिव बैंक या पशुधन विभाग—हर जगह आरक्षण के हक़ पर डाका पड़ा। यह आरक्षण भाजपा की देन नहीं, संविधान का अधिकार है, और इसी अधिकार को कुचला जा रहा है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि सामाजिक न्याय का मुद्दा इसलिए केंद्रीय है क्योंकि नौकरी और सम्मान—दोनों छीने जा रहे हैं।

AAP पार्टी की मिर्जापुर से पदयात्रा, जुड़ने के लिए करें कॉल

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सामाजिक अपमान की घटनाएं भी बढ़ी हैं—कभी किसी बुजुर्ग को पेशाब चटवाकर अपमानित किया जाता है, कभी किसी कथा वाचक की चुटिया काटी जाती है क्योंकि वह पिछड़ी जाति से आता है तो कभी एक सीआरपीएफ के जवान को घोड़ी पर चढ़ने से रोका जाता है। “यह सब उत्तर प्रदेश की तस्वीर बन चुकी है और इसी तस्वीर को बदलने के लिए यह पदयात्रा है।”

Read More: भाजपा के खिलाफ आप की ‘वोट बचाओ, संविधान बचाओ’ पदयात्रा शुरू

संजय सिंह की जनता से अपील

संजय सिंह ने बताया कि बेरोज़गारी से त्रस्त बुनकर समाज, रेहड़ी–पटरी वाले जिनकी दुकानों पर बुलडोज़र चला, आशा–बहुएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, रोजगार सेवक, शिक्षामित्र, नियमितीकरण और पेंशन के लिए संघर्षरत कर्मचारी—हर उस वर्ग की आवाज़ यह यात्रा बनेगी जो अपने हक़ के लिए लड़ रहा है। उन्होंने जनता से अपील की कि इस आंदोलन से जुड़ें और सरकार पर नौकरियां देने का दबाव बनाएं।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जहां सत्ता में है वहां काम करके दिखाती है और जहां विपक्ष में है वहां जनता की लड़ाई सड़क से संसद तक लड़ती है। “काशी प्रांत में तैयारी बैठक हो चुकी है और हमें पूरा भरोसा है कि पहले दो चरणों की तरह यह तीसरा चरण भी ऐतिहासिक होगा।” संजय सिंह ने कहा कि यात्रा से जुड़ने के लिए नंबर 7500040004 पर मिस्ड कॉल दें या मोबाइल नंबर 8588841358 पर कॉल करें।

https://www.bhaskar.com/local/uttar-pradesh/lucknow/news/aaps-padyatra-on-the-issue-of-employment-and-social-justice-lucknow-uttar-pradesh-136847732.html

Share
Exit mobile version