उत्तर प्रदेश

राहुल गांधी पहले दें इस्तीफा: नितिन नवीन

वाराणसी: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पहले अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी घुसपैठियों को संरक्षण देने का काम कर रहे हैं।

Read More: गुरुवार का ज्ञान: गुरु शिक्षा में सूर्य शनि का संबंध

राहुल गांधी को पहले अपना इस्तीफा दे

नितिन नवीन अपने दो दिवसीय काशी दौरे के दूसरे दिन श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करने पहुंचे थे। दर्शन-पूजन के बाद उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा- “हिम्मत है तो राहुल गांधी को पहले अपना इस्तीफा देना चाहिए। जनता सब देख रही है। घुसपैठियों को संरक्षण देने का काम नेता प्रतिपक्ष कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता 24 घंटे सातों दिन काम करता है। उसके लिए हर दिन काम है और हर दिन चुनाव है। भाजपा के लोग केवल चुनावी मौसम में सक्रिय होने वाले लोग नहीं हैं, बल्कि जनता के साथ संवाद और संगठन का काम पूरे वर्ष चलता रहता है।

राहुल गांधी के आरोपों पर उन्होंने कहा कि अराजकतावादी मानसिकता के लोग केवल समाज में विष घोलने का काम करते हैं। केरल और तमिलनाडु में भी इसी निर्वाचन आयोग ने चुनाव कराए हैं। उन्होंने कहा कि जहां लोग चुनाव में पीछे थे, वहां भी सत्ता में पहुंचे हैं। ऐसे में निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाने से पहले राहुल गांधी को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। नितिन नवीन ने कहा कि अलग-अलग जगहों से आकर लोग भारत के नागरिकों का हक मार रहे हैं। भारत के संसाधनों और अन्य सुविधाओं पर भारत के लोगों का अधिकार है, घुसपैठियों का नहीं।

घुसपैठियों को संरक्षण दे रहे हैं नेता प्रतिपक्ष

उन्होंने कहा कि विदेशी मानसिकता के लोगों को यहां बसाने के प्रयास के खिलाफ भाजपा हमेशा खड़ी रहेगी। काशी आगमन को अपनी परंपरा बताते हुए उन्होंने कहा कि पहले भी कई बार श्री काशी विश्वनाथ की नगरी में आने का अवसर मिला है। श्री काशी विश्वनाथ धाम के भव्य निर्माण से यहां आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुखद अनुभूति होती है।

उन्होंने कहा कि गंगा तट पर बाबा विश्वनाथ का दर्शन भक्तों के लिए अद्भुत अनुभव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इसके लिए बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि करोड़ों सनातनियों की आस्था के केंद्र को भव्य स्वरूप प्रदान किया गया है।

https://www.patrika.com/national-news/nitin-nabin-rahul-gandhi-election-commission-sir-varanasi-20967221

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *