
अखिलेश की PDA यात्रा में BJP नेता के बेटे की मौत!
अखिलेश की PDA यात्रा में दर्दनाक हादसा, JCB की चपेट में आने से 14 साल के छात्र की मौत
PDA Yatra : गोरखपुर में अखिलेश यादव की रथयात्रा के दौरान हुआ हादसा, बीजेपी नेता के बेटे की मौत के बाद सड़क पर उतरे परिजन, सीएम योगी ने 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का किया ऐलान।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की PDA रथयात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। यात्रा के स्वागत के लिए लगाई गई JCB की चपेट में आने से 14 वर्षीय छात्र आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर कार्रवाई की मांग की।
Read More: SBI का अलर्ट, 45 मिनट नहीं होगा UPI से पेमेंट

कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गोरखपुर एयरपोर्ट से करीब 20 किलोमीटर दूर शहीदों की धरती चौरी-चौरा के देवकही गांव जाने के लिए PDA रथ यात्रा पर निकले थे। उनके स्वागत के लिए कूड़ाघाट में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जेसीबी लगाकर फूल-मालाओं से स्वागत की तैयारी की थी। अखिलेश यादव के काफिले के वहां पहुंचने पर जेसीबी के जरिए उन्हें फूलों की माला पहनाई गई और फूल बरसाकर स्वागत किया गया। इसके बाद उनका काफिला आगे बढ़ गया।
इसी दौरान स्थानीय निवासी और बीजेपी नेता ओंकार सिंह श्रीनेत का 14 वर्षीय बेटा आर्यवर्धन सिंह स्कूटी से सड़क पार कर रहा था। आरोप है कि पीछे से आ रही JCB की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
#WATCH | गोरखपुर, उत्तर प्रदेश: बुलडोजर (JCB) की चपेट में आने से एक किशोर की मौत मामले पर गोरखपुर के DM दीपक मीणा ने बताया, "एक 14 वर्षीय युवक आर्यवर्धन दुखद घटना की चपेट में आ गए। JCB से टक्कर होने की वजह से उनकी मृत्यु हो गई। उनके परिवारजन और उनसे जुड़े सभी लोगों के द्वारा जिस तरह से ये घटना हुई है, उसमें कार्रवाई की मांग की गई है। वे सुसंगत धाराओं में अपनी तहरीर दे रहे हैं। पुलिस द्वारा इस मामले में FIR दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने भी इस बात का संज्ञान लिया है। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है और तत्काल रूप से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मुख्यमंत्री राहत कोष से दी जा रही है। परिवार की यथासंभव हर मदद की जाएगी। एक स्पीड ब्रेकर की भी मांग की गई है। इसे भी संज्ञान में लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी…"
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 18, 2026
बीजेपी नेता के बेटे की मौत से मचा बवाल
आर्यवर्धन केंद्रीय विद्यालय में कक्षा 10 का छात्र था। उसके पिता ओंकार सिंह श्रीनेत बीजेपी से जुड़े हैं और पार्टी के चुनाव आयोग संपर्क विभाग में जिम्मेदारी निभाते हैं।
बेटे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया। परिवार की मांग है कि अखिलेश यादव और रथयात्रा की आयोजक समिति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव का काफिला आगे निकल चुका था और उसके पीछे तेज रफ्तार से आ रही JCB ने उनके बेटे को टक्कर मार दी।
बीजेपी ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना
गोरखपुर, उत्तर प्रदेश: गोरखपुर के कैंट थाना क्षेत्र में जेसीबी से दबकर एक छात्र की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल जेसीबी से छात्र दब गया। उसे एम्स में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृत बच्चे के पिता ओमकार सिंह श्रीनेत ने कहा, "वह मेरा पुत्र था। दोपहर 2 बजे के आसपास जब अखिलेश यादव का काफिला गया, तो उसी समय वह अपनी बहन को लेने केंद्रीय विद्यालय जा रहा था। रोड पार करते समय अखिलेश यादव का काफिला आगे गया था, तभी पीछे से पुष्प वर्षा करने वाली जेसीबी काफी तेज स्पीड में काफिले के पीछे दौड़ रही थी, ताकि पीछे से अखिलेश यादव के ऊपर पुष्प वर्षा कर पाए। उसी दौरान मेरा पुत्र रोड पार कर रहा था और उसी पर जेसीबी चढ़ गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।"
— IANS Hindi (@IANSKhabar) November 18, 2026
इस घटना को लेकर बीजेपी ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर निशाना साधा। बीजेपी ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाते हुए कहा, “गोरखपुर में अखिलेश यादव के स्वागत के उन्माद में सपाइयों ने एक 12 वर्षीय मासूम की जिंदगी छीन ली। PDA रथ यात्रा के दौरान JCB की चपेट में आकर बच्चे की दर्दनाक मौत, सपाइयों के हुड़दंग और गैर-जिम्मेदाराना रवैये का नतीजा है। अभी सत्ता से बाहर रहकर ये हाल है, तो सोचिए सत्ता में आ गए तो क्या कहर बरपाएंगे। इन्हें सपाई कहें या बलवाई? इनके लिए सत्ता का प्रदर्शन, एक मासूम की जिंदगी से भी ज्यादा कीमती है?”
सीएम योगी ने किया 5 लाख की सहायता का ऐलान
घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक संवेदना व्यक्त की। साथ ही पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया।
क्षेत्रीय विधायक इंजीनियर श्रवण निषाद ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने विधायक से फोन पर बात कर परिवार को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

पुलिस ने क्या कहा?
एसपी सिटी निमिष पाटिल के मुताबिक, एम्स थाना क्षेत्र में रोड शो के दौरान चल रही JCB की चपेट में आने से 14 वर्षीय बच्चा घायल हुआ था। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल गोरखपुर की यह घटना राजनीतिक विवाद का मुद्दा बन गई है। हादसे ने राजनीतिक रैलियों में सुरक्षा व्यवस्था, भारी वाहनों के इस्तेमाल और भीड़ प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
