RSS के प्रांत प्रचारकों की बैठक, 4 से 6 जुलाई तक दिल्ली में होगी
दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी में चार से छह जुलाई तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रांत प्रचारकों की बैठक होगी, जिसमें संगठनात्मक चर्चा के साथ संघ के सभी 46 प्रांतों के कार्यों की समीक्षा की जाएगी।
Read More: भारत घाना की प्रगति-समृद्धि की यात्रा में कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा- पीएम मोदी
संघ के शताब्दी वर्ष की तैयारियों पर होगा मंथन
आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने गुरुवार को यहां केशव कुंज में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में इस बैठक के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बैठक में देशभर से 233 कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि संघ की संगठन रचना में कुल 11 क्षेत्र एवं 46 प्रांत बनाए गये हैं।
04 जुलाई से दिल्ली में होगी तीन दिवसीय प्रांत प्रचारक बैठकhttps://t.co/M7YAjO2Til
— RSS (@RSSorg) July 3, 2025
बैठक में संगठनात्मक चर्चा के अलावा सभी 46 प्रांतों के कार्यों की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने बताया कि बैठक में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले का मार्गदर्शन भी प्राप्त होगा। इसके अलावा सभी सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्णगोपाल, सी आर मुकुंद, अरुण कुमार, रामदत्त, आलोक कुमार, अतुल लिमये सहित सभी अखिल भारतीय कार्य विभाग प्रमुख, सह प्रमुख एवं कार्यकारिणी के सदस्य भाग लेंगे।
देशभर में 100 प्रशिक्षण वर्गों का आयोजन
सुनील आंबेकर ने बताया कि संघ का प्रशिक्षण वर्ग पूरा करके जुलाई में सब एकत्रित होते हैं। अब तक 100 वर्गों का आयोजन हो चुका है। इसमें 40 वर्ष से कम उम्र के 75 वर्ग थे और 40-60 वर्ष के लोगों के लिए 25 वर्ग आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि व्यक्तित्व निर्माण की दृष्टि से ये वर्ग काफ़ी महत्वपूर्ण होते हैं।

उन्होंने बताया कि बैठक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) जैसे संघ से जुड़े 32 संगठनों के संगठन मंत्री भी हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि इस साल संघ का शताब्दी वर्ष है, इसलिए शताब्दी वर्ष की योजना के बारे में चर्चा होगी। शताब्दी वर्ष में खंड, बस्ती और मंडल स्तर पर हिंदू सम्मेलन आयोजित किये जाएंगे और समाज के प्रमुख विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।
आरएसएस के प्रचार प्रमुख ने बताया कि इस साल दो अक्तूबर को दशहरा है और इसी दिन संघ के 100 साल पूरे हो रहे हैं। इस मौके पर महाराष्ट्र के नागपुर में शताब्दी वर्ष समारोह का प्रारंभ होगा। उन्होंने बताया कि संघ का शताब्दी वर्ष समारोह दो अक्टूबर से शुरू होकर अगले साल यानी 2026 में विजयादशमी तक चलेगा। इस दौरान देश भर में हर शाखा पर विजयादशमी कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। इस दौरान गृह संपर्क का आयोजन होगा। स्वयंसेवक घर-घर जाकर संपर्क करेंगे और लोगों के संघ के उद्देश्यों की जानकारी देंगे।
बड़ी संख्या में संघ से जुड़ रहे युवा

इसके अलावा पूरे देश में ज़िला स्तर पर सामाजिक सद्भाव बैठकें आयोजित होंगी। सभी जिला केंद्रों पर अक्टूबर के बाद प्रमुख नागरिक गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। युवाओं के लिए विशेष कार्यक्रम होंगे। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील की कि हिंदू समाज के सभी समुदाय और प्रमुख लोग एक साथ आकर कुरीतियों को दूर करें, सद्भाव बना रहे, इसका प्रयास करें।
उन्होंने बताया कि शताब्दी वर्ष में सरसंघचालक के साथ चार प्रमुख शहरों दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु में विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। इनमें समाज के प्रमुख लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। इससे पहले 2018 में ऐसे कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली के विज्ञान भवन में किया गया। उन्होंने बताया कि मार्च 2025 से अब तक 28 हज़ार से ज़्यादा लोगों ने आरएसएस से जुड़ने के लिए इच्छा जतायी है।
सुनील आंबेकर ने इस दौरान कई सवालों के जवाब भी दिये। जातीय जनगणना के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह सामाजिक सद्भाव का कार्यक्रम है और संघ पहले ही कह चुका है कि योजनाओं के लिए जो भी जानकारी चाहिए, वह होनी चाहिए। वहीं भाजपा अध्यक्ष चुनाव को लेकर पूछे गये सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसी कोई चर्चा यहां नहीं होती।