उत्तर प्रदेश

भाजपा के खिलाफ आप की ‘वोट बचाओ, संविधान बचाओ’ पदयात्रा शुरू

  • आप की ‘वोट बचाओ, संविधान बचाओ’ पदयात्रा का शुभारंभ, लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क पर उतरे आप नेता संजय सिंह
  • 21 से 26 दिसंबर तक रामपुर–मुरादाबाद–अमरोहा में जनता के बीच जाएगी ‘वोट बचाओ, संविधान बचाओ’ पदयात्रा
  • रामपुर से शुरू हुई ‘वोट बचाओ, संविधान बचाओ’ पदयात्रा, भाजपा सरकार के खिलाफ आप ने खोला मोर्चा
  • SIR के नाम पर वोट चोरी की साजिश के खिलाफ सड़क पर आप का निर्णायक संघर्ष
  • किसी फरमान या सत्ता के अहंकार से नहीं, बाबा साहब के संविधान से चलेगा देश : संजय सिंह
  • यूपी में SIR के नाम पर साढ़े तीन करोड़ वोट काटने की साजिश हो रही है : संजय सिंह
  • यह लड़ाई चुनाव की नहीं, वोट और संविधान को बचाने की लड़ाई है : संजय सिंह
  • जिस दिन वोट खत्म हुआ, उस दिन सत्ता लाठी से राज करेगी : संजय सिंह
  • गरीबों का वोट काटकर भाजपा लोकतंत्र की हत्या करना चाहती है : संजय सिंह
  • हम हर नागरिक का वोट बचाने की लड़ाई आख़िरी दम तक लड़ेंगे : संजय सिंह

Uttar Pradesh: भाजपा द्वारा लोकतंत्र और संविधान पर हो रहे सुनियोजित हमलों के खिलाफ आज रामपुर की धरती से एक निर्णायक संघर्ष का आगाज़ हुआ। आम आदमी पार्टी की ‘वोट बचाओ, संविधान बचाओ’ पदयात्रा का शुभारंभ रविवार को आसरा कॉलोनी, पहाड़ी गेट, रामपुर से हुआ।

Read More: यूपी में स्मार्ट मीटर के नाम पर लूट रही सरकार- संजय सिंह

शुरू हुई 6 दिवसीय पदयात्रा

प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गांधी समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर वोट और संविधान की रक्षा की इस लड़ाई का संकल्प लिया। संजय सिंह के नेतृत्व में शुरू हुई इस 6 दिवसीय पदयात्रा के माध्यम से SIR के नाम पर मतदाता सूची से नाम काटने, गरीब-दलित-पिछड़े-अल्पसंख्यकों के वोट छीनने और संविधान को कमजोर करने की साजिशों के खिलाफ जनता को संगठित किया जा रहा है। आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया कि वोट और संविधान की चोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस मौके पर संजय सिंह ने कहा- बापू ने जीवन भर अहिंसा, भाईचारे और लोकतंत्र की रक्षा का संदेश दिया और आज उसी विचारधारा को बचाने का संकल्प रामपुर की धरती से लिया गया है। उन्होंने कहा कि नफरत की राजनीति से न देश बन सकता है और न समाज, इसलिए यह पदयात्रा सिर्फ एक पैदल मार्च नहीं बल्कि लोकतंत्र को बचाने की हुंकार है।

SIR से कर रही बीजेपी साजिश

आसरा कालोनी, पहाड़ी गेट पर विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में SIR के नाम पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार मिलकर साढ़े तीन करोड़ वोट काटने की साजिश कर रहे हैं।

Read More: SIR के मुद्दे पर सदन में गरजे संजय सिंह, BJP कर रही वोट चोरी

उन्होंने कहा कि इसी साजिश के खिलाफ यह पदयात्रा शुरू की गई है, क्योंकि अब यह लड़ाई केवल चुनाव की नहीं बल्कि वोट, संविधान, लोकतंत्र और स्वाभिमान को बचाने की लड़ाई है। संजय सिंह ने कहा कि वोट की ताकत ही वह ताकत है जिसके सामने प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक को झुकना पड़ता है, लेकिन जिस दिन वोट का अधिकार खत्म हो गया, उस दिन सत्ता लाठी के दम पर जनता को कुचल देगी।

संजय सिंह ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान लिखते समय स्पष्ट किया था कि राष्ट्रपति और गांव में रहने वाले मजदूर के वोट की कीमत एक समान होगी, लेकिन आज उसी अधिकार पर डाका डाला जा रहा है। उन्होंने मुरादाबाद में BLO सवेश सिंह की मौत का जिक्र करते हुए कहा- दबाव में आकर उन्होंने रोते हुए वीडियो बनाया और जान दे दी।

देश में 40 से अधिक BLO आत्महत्या कर चुके हैं, लेकिन भाजपा सरकार को केवल अपने वोट चोरी के लक्ष्य की चिंता है। उन्होंने रामपुर की 80 वर्षीय बीमार बुजुर्ग महिला नूरजहां का उदाहरण देते हुए कहा कि नियमों के तहत SIR फॉर्म भरने के बावजूद योगी सरकार ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी, जो सत्ता की संवेदनहीनता और क्रूरता को उजागर करता है।

संजय सिंह का BJP पर तीखा हमला

संजय सिंह ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि संसद में प्रदूषण से हर साल 20 लाख मौतों, बेरोजगारी, किसानों को खाद न मिलने, रुपये की गिरावट और BLO की मौत जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा से सरकार भागती है और केवल वंदे मातरम् पर बात करने और नफरत की राजनीति करना चाहती है।

उन्होंने मनरेगा में भ्रष्टाचार, महात्मा गांधी के नाम को हटाने, स्कूल बंद करने और डिटेंशन सेंटर की योजनाओं पर हमला करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी जिस दिन सत्ता में आई, सबसे पहले स्कूलों और अस्पतालों को मजबूत करेगी। उन्होंने साफ कहा कि छह दिन की इस पदयात्रा में रोजगार, किसान, मजदूर और वोट चोरी—हर मुद्दे पर सरकार को बेनकाब किया जाएगा और यह संघर्ष सड़क से लेकर संसद तक जारी रहेगा।

21 दिसंबर से 26 दिसंबर तक की पदयात्रा

बताते चलें कि 21 दिसंबर से 26 दिसंबर तक चलने वाली यह पदयात्रा रामपुर से शुरू होकर मुरादाबाद और अमरोहा तक जाएगी। पदयात्रा के दौरान जगह-जगह जनसभाएं और जनसंवाद आयोजित कर आम जनता को वोट और संविधान बचाने की लड़ाई से जोड़ा जाएगा।

पदयात्रा के पहले दिन का समापन रात्रि विश्राम के साथ हुआ। पदयात्रा अपने अंतिम पड़ाव पर रात्रि विश्राम के लिए जे.आर. पैलेस, अंबेडकर पार्क के पास, सीआरपीएफ के सामने, मुरादाबाद रोड, रामपुर पहुंची। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने संजय सिंह का जोरदार स्वागत किया और पदयात्रा में शामिल होकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के इस आंदोलन को समर्थन दिया।

https://www.jagran.com/uttar-pradesh/rampur-aam-aadmi-party-launches-save-the-vote-save-the-constitution-march-from-rampur-40080014.html

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *