CM योगी का ऐलान : जनता की हर समस्या का हो समाधान, जारी की सहायता राशि
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोग बेफिक्र होकर अच्छे अस्पताल में अपना उपचार कराएं। सरकार उन्हें भरपूर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन जरूरतमंदों को इलाज के लिए आर्थिक मदद चाहिए, उनके इस्टीमेट की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराकर शासन को भेजी जाए, ताकि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से समय पर सहायता राशि जारी की जा सके।
जनता की सुनी शिकायत पर तुरंत हो समाधान
मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने कुर्सियों पर बैठे लोगों के पास स्वयं जाकर उन्होंने एक-एक कर प्रार्थना पत्र लिए और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
योगी ने लोगों को आश्वस्त किया कि किसी को भी परेशान या घबराने की आवश्यकता नहीं है। हर समस्या का प्रभावी और संतोषजनक समाधान कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जन समस्याओं पर पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। निस्तारण त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपरक होना चाहिए, ताकि फरियादियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

Read More: फर्जी रजिस्ट्री के जरिए भूमाफियाओं ने नौ-सैनिक जवान को बनाया शिकार
अवैध कब्जा या दबंगई की शिकायत पर हो कार्रवाई
जनता दर्शन के दौरान जमीन कब्जाने और दबंगई से जुड़े मामलों पर भी मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि यदि कहीं अवैध कब्जा या दबंगई की शिकायत मिले तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। कानून-व्यवस्था से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जनसमर्पण से जनकल्याण तक…
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) March 3, 2026
मुख्यमंत्री @myogiadityanath जी ने आज @GorakhnathMndr परिसर में आयोजित 'जनता दर्शन' में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं।
मुख्यमंत्री जी ने प्राप्त शिकायतों और समस्याओं के समयबद्ध, प्रभावी और पारदर्शी निस्तारण के लिए संबंधित… pic.twitter.com/XzDHINbxqU
कार्यक्रम में एक व्यक्ति ने किडनी की गंभीर बीमारी के इलाज में धनाभाव की समस्या रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने पहले उससे आयुष्मान कार्ड के बारे में जानकारी ली। कार्ड न होने पर उन्होंने आश्वस्त करते हुए कहा कि चिंता की कोई बात नहीं है, सरकार इलाज के लिए पर्याप्त आर्थिक मदद उपलब्ध कराएगी।
गंभीर बीमारियों के इलाज सरकार देगी सहायता
उन्होंने कहा कि इसी तरह अन्य कई लोग भी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने सभी को भरोसा दिलाया कि सरकार किसी भी जरूरतमंद के उपचार में धन की कमी को बाधक नहीं बनने देगी और विवेकाधीन कोष से सहायता प्रदान की जाएगी।
जनता दर्शन में कुछ परिजन अपने बच्चों के साथ भी पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने बच्चों को स्नेहिल आशीर्वाद देते हुए चॉकलेट वितरित कीं और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। कुल मिलाकर, जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जन समस्याओं के समाधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए अधिकारियों को संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन का संदेश दिया।
