पश्चिम एशिया संकट के बीच भारतीय एयरलाइंस ने फिर शुरू की सीमित उड़ानें
दिल्ली: भारतीय विमान सेवा कंपनियों ने मंगलवार से पश्चिम एशिया के चुनिंदा शहरों के लिए नियमित और विशेष उड़ानें शुरू करने की घोषणा की है।

निजी विमान सेवा की उड़ाने शुरू
निजी विमान सेवा कंपनी स्पाइसजेट ने बताया है कि वह आज और अगले कुछ दिनों के लिए संयुक्त अरब अमीरात के फूजैराह से दिल्ली और कोच्चि के लिए एक-एक तथा मुंबई के लिए दो विशेष उड़ानों का परिचालन करेगी। इसके अलावा 04 मार्च से वह फूजैराह से दिल्ली और मुंबई के लिए अपनी नियमित उड़ानें शुरू करेगी।
SpiceJet is operating special flights from Fujairah to Delhi, Mumbai and Kochi to support Indian nationals travelling home.
— SpiceJet (@flyspicejet) March 3, 2026
Standing by when it matters!
Jai Hind 🇮🇳#flyspicejet #spicejet pic.twitter.com/0wznG7hQgv
नवोदित विमान सेवा कंपनी अकासा ने 03 मार्च से मुंबई और सऊदी अरब के शहर जेद्दा के बीच अपनी नियमित उड़ान शुरू करने की घोषणा की है। वह बुधवार से मुंबई और अहमदाबाद से जद्दा के लिए नियमित उड़ानों का परिचालन करेगी। हालांकि अबू धाबी, दोहा, कुवैत और रियाद को जाने वाली उसकी सभी उड़ानें 04 मार्च तक रद्द रहेंगी।
इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ाने
इंडिगो जेद्दा से आज मुंबई, हैदराबाद और अहमदाबाद के लिए चार उड़ानों का परिचालन कर रही है। उसने बताया है कि इन उड़ानों का परिचालन उन यात्रियों के लिए किया जा रहा है जिन्होंने पहले से इंडिगो की फ्लाइट में टिकट बुक कराये हुए थे।
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने आज से ओमान की राजधानी मस्कट से दिल्ली, कोच्चि, कोझीकोड, बेंगलुरु, मुंबई और तिरुचिरापल्ली के लिए नियमित उड़ानें शुरू करने की घोषणा की है। हालांकि बहरीन, कुवैत, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात को जाने वाली उसकी सभी उड़ानें आज आधी रात तक रद्द रहेंगी।
Read More: ईरान-इजरायल युद्ध के बीच IndiGo, Air India Express उड़ानें शुरू
एयर इंडिया ने अमेरिका, कनाडा, यूरोप और ब्रिटेन को जाने वाली अपनी सभी उड़ानें आज से नियमित रूप से चलाने की घोषणा की है। उसने बताया है कि आज आधी रात तक पश्चिम एशिया को जाने वाली उसकी सभी उड़ानें रद्द है।

सीमित संख्या में उड़ानों का परिचालन शुरू
उल्लेखनीय है कि ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल के संयुक्त सैन्य अभियान के बाद पश्चिम एशिया में स्थिति बिगड़ गई है। ईरान भी अमेरिकी सैनिक ठिकानों वाले पश्चिम एशिया के कई देशों पर हमले कर रहा है। इस कारण कई देशों ने अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया है। पश्चिम एशिया के संकट के कारण सोमवार को भारत से जाने वाली 357 उड़ानें रद्द रहीं।
वहीं दिल्ली हवाई अड्डे से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज दिल्ली से जाने वाली और दिल्ली को आने वाली 80 उड़ानें इसी कारण से रद्द हैं। इनमें से 36 उड़ानें दिल्ली से पश्चिम एशिया को जाने वाली और 44 उड़ानें वहां से दिल्ली आने वाली हैं। इस बीच सोमवार शाम से दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से भी सीमित संख्या में उड़ानों का परिचालन शुरू हुआ है जिसमें दिल्ली और मुंबई समेत पांच भारतीय शहरों की उड़ानें शामिल हैं।
