तेल कंपनियों का फैसला: उड़ान सस्ती, होटल महंगे
नई दिल्ली: घरेलू विमान सेवा कंपनियों को बड़ी राहत देते हुए तेल विपणन कंपनियों ने विमान ईंधन की कीमतों में लगभग एक प्रतिशत की कटौती की है। यह लगातार दूसरा महीना है जब देश में विमान ईंधन की कीमत कम हुई है। इससे पहले 01 जनवरी से यह करीब सात प्रतिशत सस्ता हुआ था।
Read More: ज्योतिष ज्ञान में सीखें ज्योतिष: जानें 27 नक्षत्रों के नाम

विमान ईंधन सस्ता
देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन से मिली जानकारी की माने तो, रविवार से दिल्ली में विमान ईंधन का मूल्य 929.63 रुपये (1.01 प्रतिशत) घटकर 91,393 रुपये प्रति किलोलीटर रह गया है। इससे पहले जनवरी में इसकी कीमत 7.38% कम हुई थी।
कोलकाता में यह 932 रुपये (0.98%) सस्ता होकर 94,446 रुपये प्रति किलोलीटर और मुंबई में 878 रुपये (1.02%) सस्ता होकर 85,475 रुपये प्रति किलोलीटर का हो गया है।

चेन्नई में विमान ईंधन की कीमत 988 रुपये (1.03%) कम करके आज से 94,782 रुपये कर दी गयी है।
इससे विमान ईंधन के दाम कम होने से पहले से वित्तीय दबाव झेल रही घरेलू विमान सेवा कंपनियों को फायदा होगा। उनके कुल व्यय का 35 से 40% ईंधन पर खर्च होता है।
वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडर महंगा
वहीं तेल विपणन कंपनियों ने वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार दूसरे महीने बढ़ोतरी की है, जबकि घरेलू सिलेंडर के दाम में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है।
Read More: iPhone की दमदार बिक्री से Apple ने बनाया नया रिकॉर्ड
देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली में रविवार से 19 किलोग्राम वाला वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडर 1,740.50 रुपये का हो गया है। यह मई 2025 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है।

जनवरी में इसकी कीमत 111 रुपये बढ़ाकर 1,691.50 रुपये की गयी थी। इस प्रकार, इस साल यह 159.50 रुपये महंगा हो चुका है। बताते चले कि वाणिज्यिक गैस सिलेंडर का उपयोग होटल, रेस्त्रां, ढाबों समेत सभी गैर-घरेलू उद्देश्यों के लिए होता है।
देश के इन हिस्सों में LPG रेट
देश के अन्य मेट्रो शहरों में भी कीमतों में लगभग इतनी ही बढ़ोतरी की गयी है। कोलकाता और मुंबई में इसके दाम 49.50 रुपये बढ़े हैं। अब कोलकाता में नई कीमत 1,844.50 रुपये और मुंबई में 1,692 रुपये हो गयी है। चेन्नई में वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर 50 रुपये महंगा होकर आज से 1,899.50 रुपये का मिलेगा। वहीं, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 08 अप्रैल 2025 के बाद से कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में इसकी कीमत 853 रुपये, कोलकाता में 879 रुपये, मुंबई में 852.50 रुपये और चेन्नई में 868.50 रुपये पर स्थिर है।

तेल विपणन कंपनियां रसोई गैस की कीमतों की हर महीने समीक्षा करती हैं। अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में कीमतों में बदलाव और डॉलर की तुलना में रुपये की विनिमय दर के आधार पर आम तौर पर हर महीने की पहली तारीख से नयी कीमतें तय की जाती हैं।
