उत्तर प्रदेश

इस्माइलगंज में गंदे पानी का संकट, जलकल विभाग पर उठे सवाल

लखनऊ: इन्दिरा नगर वार्ड के अंतर्गत इस्माइलगंज क्षेत्र में पिछले कई दिनों से बदबूदार और गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। सेतुवा तालाब और मूलचन्द टेलर की दुकान के आस-पास रहने वाले लोगों का कहना है कि सप्लाई शुरू होने के शुरुआती आधे घंटे तक गंदी बदबू वाला पानी आता है, जिससे घरों में रहना तक मुश्किल हो गया है।

Read More: GST सुधार पर योगी का बड़ा संवाद: व्यापारियों और ग्राहकों से सीधे जुड़ी यूपी सरकार

गंदा पानी पीने को मजबूर, बीमारियों का खतरा

स्थानीय निवासी अधिवक्ता मनीष तिवारी ने बताया कि गंदे पानी के कारण लोगों को मजबूरी में उसी का उपयोग करना पड़ रहा है। आरओ के फिल्टर तीन-तीन दिन में खराब हो रहे हैं और डायरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। गली-गली सीवर का पानी बह रहा है, लेकिन विभागीय जिम्मेदार उदासीन बने हुए हैं।

लोगों की शिकायत पर भेजा गया एक सफाईकर्मी

स्थानीय नागरिकों के अनुसार कई बार शिकायत करने के बाद भी विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। आखिरकार लोगों के फोन करने के बाद पार्षद प्रतिनिधि सूरज जसवानी ने सफाई के लिए सिर्फ एक सफाईकर्मी मौके पर भेजा, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।

हाईकोर्ट से 400 मीटर दूरी, फिर भी उपेक्षा

यह विडंबना ही है कि यह इलाका हाईकोर्ट से महज 400 मीटर की दूरी पर स्थित है, बावजूद इसके यहां मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव है। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि जब न्याय के मंदिर के पास ऐसी स्थिति है तो दूर-दराज़ इलाकों का हाल क्या होगा।

Read More: GST कटौती का नहीं मिल रहा है फायदा: तो करें टोल फ्री और WhatsApp शिकायत

विधायक ने जताई सख्ती, लेकिन विभाग ढीला

कुछ दिन पहले विधायक ओपी श्रीवास्तव ए ब्लॉक में सीवर सफाई की समस्या को लेकर पहुंचे थे और अधिशासी अभियंता को फटकार भी लगाई थी। लेकिन इस्माइलगंज की समस्या जस की तस बनी हुई है। हाल ही में नियुक्त अधिशासी अभियंता को क्षेत्र की जानकारी तक नहीं है, जिसका खामियाजा आम जनता भुगत रही है।

स्थायी समाधान की मांग

क्षेत्रीय लोगों ने जलकल विभाग और नगर निगम से अपील की है कि इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि लोगों को बदबूदार और दूषित पानी की समस्या से निजात मिल सके।

https://newstrack.com/uttar-pradesh/lucknow/lucknow-municipal-corporation-administration-bowed-before-farmer-protest-543850

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version