देश दुनिया

जम्मू-कश्मीर के डोडा में दिल दहला देने वाला हादसा, 10 जवानों की मौत

जम्मू: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में सेना के एक वाहन के गहरी खाई में गिर जाने से 10 जवानों की मौत हो गयी और 11 अन्य घायल हो गए।

Read More: फर्जी रजिस्ट्री के जरिए भूमाफियाओं ने नौ-सैनिक जवान को बनाया शिकार

जम्मू-कश्मीर के डोडा में दिल दहला देने वाला हादसा, 10 जवानों की मौत

अधिकारियों ने बताया पूरा मामला

यहां अधिकारियों ने बताया कि सेना का कैस्पर वाहन भद्रवाह-चंबा सड़क पर थानाला के ऊपरी इलाके खन्नीटॉप के पास फिसलन भरी सड़क के कारण करीब 300 फीट गहरी खाई में गिर गया। यह टीम एक टीम ऑपरेशन के लिए जा रही थी। यह हादसा इतना भयावह था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सेना, पुलिस और स्थानीय लोगों ने दुर्गम क्षेत्र में कई घंटों तक बचाव अभियान चलाया।

वाहन में 21 जवान थे सवार

जिला प्रशासन के अनुसार, वाहन में सेना के कुल 21 जवान सवार थे, जिनमें से 10 की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल 10 जवानों को उधमपुर के कमांड अस्पताल में तत्काल उपचार के लिए एयरलिफ्ट किया गया है, जबकि मामूली रूप से घायल एक जवान का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मनोज सिन्हा ने शोक किया व्यक्त

जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि देश अपने बहादुर सैनिकों की उत्कृष्ट सेवा और उनके सर्वोच्च बलिदान को हमेशा याद रखेगा। उपराज्यपाल ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा देश एकजुट होकर उनके साथ खड़ा है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायल जवानों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

मृत जवानों के नाम

जोबन जीत, सुधेर नरवाल, मोनू, मोहित, एचआर कंवर, सिमरन, पी लोरा, सुलिंदर, अजय लोफरा और स्वर्ण नाग पाल।

घायल जवानों के नाम

साहिल, जेपी सिंह, नीरज, अनूप, नागिस, अमन, शंकर, संदीप, जोबनप्रीत, राकेश और अभिमन्यु के रूप में हुई है। सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।

मुख्यमंत्री उमर दुख किया प्रकट

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी इस हृदय विदारक त्रासदी पर गहरा दुख प्रकट किया है। अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें अपने बहादुर सैनिकों के बलिदान पर गर्व है और पूरा देश शहीद सैनिकों के परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने इस घटना को पूरे जम्मू-कश्मीर के लिए एक बड़ी त्रासदी बताते हुए प्रशासन को घायलों के उपचार में कोई कसर न छोड़ने के निर्देश दिए।

Read More: लखनऊ परेड में भीख मांगने वाले संभल के 30 बच्चे रचेंगे इतिहास

केंद्रीय मंत्री जताया दुख

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पर बताया- इस दुखद दुर्घटना के बारे में जानकर गहरा सदमा लगा है और उन्होंने डोडा के डीसी हरविंदर सिंह और कमांड हॉस्पिटल के इंचार्ज मेजर जनरल (डॉ.) संजय शर्मा से भी बात की है। उन्होंने लिखा” हमारे बहादुर जवानों के प्रति गहरे सम्मान की भावना को व्यक्त करने के लिए शब्द कम पड़ जाते हैं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।”

पीएम मोदी ने जताया गहरा दुख

इसी दौरान पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट करते हुए लिखा- “डोडा में हुए हादसे से बहुत दुख हुआ, जिसमें हमने अपने बहादुर सेना के जवानों को खो दिया। देश के लिए उनकी सेवा को हमेशा याद रखा जाएगा। घायल जल्द से जल्द ठीक हों। प्रभावित लोगों को हर संभव मदद दी जा रही है।”

https://www.etvbharat.com/hi/bharat/army-vehicle-plunges-into-gorge-in-jammu-kashmir-doda-several-army-soldiers-killed-hindi-news-hin26012203522

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *