देश दुनियाविदेश

सीएम योगी ने दिया केजरीवाल को चैलेंज- यमुना में मंत्रियों के साथ स्नान करके दिखाएं

Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली में चुनाव 5 फरवरी को होने वाला है। इसी दौरान सभी पार्टियां चुनावी मैदान में अपने-अपने वादों के साथ जनता के सामने चुनावी दौरा कर रही हैं। वहीं आज दिल्ली के चुनावी मैदान में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ उतर चुके हैं।

यमुना को गंदा नाला केजरीवाल ने बनाया

आपको बतादें कि दिल्ली के चुनावी मैदान में आज यानी की गुरुवार को यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने किराड़ी से भाजपा विधानसभा प्रत्याशी बजरंग शुक्ला के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। 

इसके साथ ही उन्होंने आप पार्टी पर जमकर निशाना साधते हुए कहा- अगर हम मुख्यमंत्री के रूप में और पूरी कैबिनेट के साथ संगम में स्नान कर सकते हैं, तो मैं केजरीवाल जी से पूछता हूं कि क्या वो और उनकी कैबिनेट यमुना जी में स्नान कर सकती है? केजरीवाल ने यमुना को गंदे नाले में तब्दील कर दिया है।

उन्होंने आगे कहा- कल मेरे सभी 55 मंत्रियों के साथ हम प्रयागराज के संगम में एक साथ डुबकी लगाए थे और पुण्य के भागीदार बने हैं, हम सब सौभाग्यशाली हैं कि महाकुंभ में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करने का अवसर हमें प्राप्त हुआ। यूपी सीएम ने बताया कि उत्तर प्रदेश की धरती पर महाकुंभ का आयोजन हुआ, जिसमें 13 जनवरी से 23 जनवरी तक करीब 10 करोड़ लोगों ने स्नान किया है। मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि प्रयागराज में अब अच्छी सड़कें हैं और बिजली की व्यवस्था हो गई है।

दिल्ली का हाल हुआ बेहाल – यूपी सीएम

CM योगी ने कहा कि NDMC के क्षेत्र को छोड़ दें तो बाकी दिल्ली में सड़कों, सीवर और पेयजल की क्या स्थिति है? आज से एक दशक पहले तक लोग सुविधा प्राप्त करने और देखने के लिए दिल्ली आते थे। आज सड़क पर गड्ढा है या गड्ढे में सड़क है, पता ही नहीं चलता है।

दिल्ली सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, सड़क पर गड्ढा है या गड्ढे में सड़क है ये आज मैं खुद देख रहा हूं, ये छूट आपने एक व्यक्ति और उसके साथियों को क्यों दे दी है? दिल्ली में इतना कूड़ा हर जगह है कि पूरी राजधानी की दुर्गति हो गई है। आज हमारे वाहनों को यहां उसी सीवर के पानी से गुजरना पड़ा। आजकल अपने भाषणों में केजरीवाल बार-बार यूपी की चर्चा कर रहे हैं, लेकिन उन्हें नहीं भूलना चाहिए कि आज यूपी पूरे देश में एक मॉडल के रूप में विकसित हुआ है। दिल्ली और नोएडा की सड़कों को स्वयं देखिए, दिल्ली और गाजियाबाद की सड़कों को देखिए, जमीन और आसमान का अंतर आपको स्वयं नजर आएगा। इसके अलावा, दिल्ली में गंदगी का अंबार लगा हुआ है।”

आप झूठ बोलने की एटीएम मशीन

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने यमुना की सफाई कार्य में कोई सहयोग नहीं किया। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि दिल्ली की जनता को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं और आम आदमी पार्टी सोशल मीडिया पर केवल झूठे प्रचार में लगी हुई है। योगी ने कहा- “आम आदमी पार्टी झूठ बोलने में अपना समय बर्बाद करती है। अगर ये लोग दिल्ली के विकास के बारे में सोचते, तो आज तक दिल्ली का कायाकल्प हो चुका होता।” आम आदमी पार्टी और उसके नेता झूठ बोलने के ATM हैं…

केजरीवाल ने अपने गुरु अन्ना हजारे को धोखा दिया, जो गुरु को धोखा दे सकता है वो जनता को भी धोखा देगा। दिल्ली में बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं। आप झूठ बोलने की एटीएम मशीन है। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की तस्वीर को बदसूरत कर दिया, आम आदमी पार्टी को सत्ता में आने का कोई अधिकार नहीं है। 

इसके साथ ही उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा – ओखला में कोई नया उद्योग नहीं लगा है, जबकि नोएडा और दिल्ली की सड़कों में जमीन-आसमान का फर्क है। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि यूपी के शिक्षण संस्थान दिल्ली से बेहतर हैं, जबकि दिल्ली में स्कूलों की इमारतें जर्जर हो चुकी हैं।

केजरीवाल कर रहे राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़

आम आदमी पार्टी दिल्ली में घुसपैठियों को आधार बांट रही है। रोहिंग्या को दिल्ली में बसाया जा रहा है। अरविंद केजरीवाल राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, इन्होने यहां दंगे करवाए। आम आदमी पार्टी ने बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्याओं को बसाने का काम जरूर किया है। हम लोग दिल्ली के अंदर विदेशी घुसपैठियों को एक इंच जमीन नहीं देंगे। ऐसे ही आम आदमी पार्टी की सरकार ने बांग्लादेशी घुसपैठियों की मदद से वर्ष 2020 में दंगा करवाने का काम किया था।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *