उत्तर प्रदेश

पंकज चौधरी बने यूपी BJP के नए प्रदेश अध्यक्ष, पार्टी में दिखा जोश

BJP State President: महराजगंज से सांसद व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी उत्तर प्रदेश भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष बन गए हैं। उनके नाम की घोषणा रविवार को औपचारिक तौर पर प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचन के केंद्रीय प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने की। शंख ध्वनि के बीच नाम का एलान होते ही डॉ राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय का सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस मौके पर निवर्तमान अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने नए अध्यक्ष को भाजपा का झण्डा सौंपा।

Read More: यूपी BJP अध्यक्ष चुनाव का ऐलान, लखनऊ से जारी हुई तारीख

पंकज चौधरी थे उम्मीदवार

दरअसल अध्यक्ष पद के लिए पंकज चौधरी ही एकमात्र उम्मीदवार थे, इसलिए नामांकन के दिन ही उनके चुने जाने की तस्वीर साफ हो गई थी। प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन की घोषणा होने के बाद केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने इस मौके पर राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्यों के नाम की घोषणा की। कार्यसमिति के लिए पूरे प्रदेश से 120 सदस्य निर्वाचित हुए हैं।

राष्ट्रीय कार्यसमिति के लिए निर्वाचित सदस्यों की सूची में प्रमुख रूप से वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लखनऊ से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गोरखपुर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रयागराज से केशव प्रसाद मौर्य, उन्नाव से उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भूपेंद्र चौधरी संभल से, स्मृति ईरानी सुल्तानपुर से, महेन्द्रनाथ पांडेय, सूर्यप्रताप शाही, रमापति राम त्रिपाठी सहित अन्य सदस्य शामिल है।

Read More: कैबिनेट की बैठक में तीन फैसले मंजूर, जनगणना, COAL Setu और MSP

गोरखपुर की चमकी राजनीतिक किस्मत

वैसे पंकज चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष बनने से पूर्वांचल, खासकर गोरखपुर का राजनीतिक महत्व और बढ़ गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पंकज चौधरी, दोनों ही गोरखपुर क्षेत्र से आते हैं। ऐसे में अब एक के हाथ में सरकार की कमान है तो दूसरे के हाथ में संगठन की जिम्मेदारी, जिससे गोरखपुर भाजपा की सत्ता और रणनीति का नया केंद्र बनकर उभरा है।

पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश

इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, निवर्तमान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश देखने को मिला।

BJP के 17वें अध्यक्ष बने पंकज चौधरी

पंकज चौधरी प्रदेश भाजपा के 17वें अध्यक्ष बने हैं। वे कुर्मी बिरादरी से आने वाले पार्टी के चौथे प्रदेश अध्यक्ष हैं। इससे पहले विनय कटियार, ओम प्रकाश सिंह और स्वतंत्रदेव सिंह इस बिरादरी से प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। अध्यक्ष पद की दौड़ में शुरुआत में कई नामों की चर्चा थी, लेकिन पंकज चौधरी का नाम सामने आते ही सियासी समीकरण तेजी से उनके पक्ष में बनते चले गए।

गौरतलब है कि भाजपा के संगठनात्मक चुनावों के इतिहास में यह महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। लक्ष्मीकांत बाजपेयी के चुनाव के बाद यह पहला मौका है जब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया अपनाई गई। 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि पंकज चौधरी के नेतृत्व में संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनेगा और आगामी चुनावों में भाजपा को इसका लाभ मिलेगा।

https://www.aajtak.in/uttar-pradesh/story/pankaj-choudhary-becomes-the-new-president-of-up-bjp-announced-piyush-goyal-in-presence-of-cm-yogi-ntc-rpti-2412380-2025-12-14

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *