
भारतीय टीम को चौथे T20 में मिली करारी हार
Auckland: ग्लेन फिलिप्स (107) की शतकीय और माइकल ब्रेसवेल (65) की अर्धशतकीय पारियों के बाद जेकब डफी (चार विकेट) और मिचेल सैंटनर (दो विकेट) के दमदार प्रदर्शन की बदौलत न्यूजीलैंड ने शुक्रवार को चौथे टी-20 मुकाबले में भारत को 87 रनों से हराया।
Read More: अभिषेक का तूफानी शतक, भारत ने जीती सीरीज!
न्यूजीलैंड ने भारत को हराया
न्यूजीलैंड के सबसे बड़े टी-20 स्कोर के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को जैकब डफी ने पहले ही ओवर में संजू सैमसन (चार) और इशान किशन (शून्य) के रूप में दोहरे झटके दिये। इसके बाद पांचवें ओवर में मैथ्यू फिशर ने पिछले मैच के हीरो रहे अभिषेक शर्मा 15 गेंदों में (27) को आउट कर पवेलियन भेज दिया। कप्तान श्रेयस अय्यर 11 गेंदों में (22), नीतीश कुमार रेड्डी 10 गेंदों में (21) और अक्षर पटेल सात रन बनाकर आउट हुए।
New Zealand win by 87 runs in Auckland.Our focus shifts to the 5th T20I in Hamilton on Sunday.Scorecard ▶️ https://t.co/fx264c9iLe#TeamIndia | #NZvIND https://t.co/mZccr7XMfl
— BCCI (@BCCI) October 30, 2026
इसके बाद 12वें ओवर में डफी ने नमन धीर 13 गेंदों में (28) और अर्शदीप सिंह (शून्य) का शिकार कर भारत के मैच जीतने की उम्मीद को ध्वस्त कर दिया। 19वें ओवर की चौथी गेंद पर फिशर ने तिलक वर्मा (35) को आउट कर न्यूजीलैंड को नौवीं सफलता दिलाई। तिलक वर्मा ने अपनी पारी में 35 गेंदों का सामना किया और एक चौका और तीन छक्के लगाये।
भारतीय टीम निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट पर 172 रन ही बना सकी और मुकाबला 87 रनों से हार गई। प्रिंस यादव 17 गेंदों में 18 रन बनाकर नाबाद रहे। मयंक यादव ने नाबाद तीन रन बनाये। न्यूजीलैंड की ओर से जेकब डफी ने 23 रन देकर चार विकेट लिये। मैथ्यू फिशर और मिचेल सैंटनर को दो-दो विकेट मिले। ऐडम मिल्ने ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
फिलिप्स और डफी के दम पर
इससे पहले आज यहां न्यूजीलैंड ने भारत को जीत के लिए 260 रनों का विशाल लक्ष्य दिया था। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड को मयंक यादव ने शुरुआती झटके दिये। उन्होंने पहले ओवर में टिम साइफर्ट (तीन) को और तीसरे ओवर में डैरिल मिशेल (24) का शिकार किया। मिशेल ने नौ गेंदों की अपनी पारी में दो चौके और दो छक्के लगाये। आठवें ओवर में अक्षर पटेल ने टिक कर खेलने का प्रयास कर रहे फिन ऐलन (31) को आउट कर पवेलियन भेज दिया। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और दो छक्के लगाये। 11वें ओवर में मयंक यादव ने बेवन जैकब्स (सात) को आउट कर भारत को चौथी सफलता दिलाई।

इसके बाद ग्लेन फिलिप्स और माइकल ब्रेसवेल के बीच 115 रनों की तूफानी साझेदारी ने न्यूजीलैंड के स्कोर 200 रन के पार पहुंचा दिया। 18वें ओवर में प्रिंस यादव ने ब्रेसवेल को आउट इस साझेदारी का अंत किया। ब्रेसवेल ने 25 गेंदों में चार चौके और छह छक्के उड़ाते हुए 65 रनों की पारी खेली। ग्लेन फिलिप्स ने 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया।
उन्होंने अपने शतक के लिए 46 गेंदों का सामना किया। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में मिचेल सैंटनर (पांच) नीतीश कुमार रेड्डी द्वारा लपके गये। यह विकेट अर्शदीप सिंह को मिला। 20वें ओवर की जिम्मेदारी नीतीश कुमार रेड्डी को सौंपी गई। उन्होंने आखिरी ओवर की दूसरी गेंद पर ग्लेन फिलिप्स को अभिषेक के हाथों कैच आउट कराकर भारत को सातवीं सफलता दिलाई। ग्लेन फिलिप्स ने 49 गेंदों में छह चौके और 10 छक्के उड़ाते हुए 107 रनों की पारी खेली।
न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 259 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह न्यूजीलैंड का टी-20 में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। भारत की ओर से मयंक यादव ने तीन विकेट लिये। प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, नीतीश कुमार रेड्डी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
