चुनावउत्तर प्रदेश

पंकज चौधरी का सपा-कांग्रेस पर बड़ा हमला!

  • दलित-पिछड़ों के नाम पर सपा-कांग्रेस कर रही समाज को बांटने की राजनीति : पंकज चौधरी
  • एक्सप्रेसवे, विश्वविद्यालय और काष्ठ कला से सहारनपुर को मिली नई पहचान : प्रदेश अध्यक्ष
  • संत रविदास जी के समरसता के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना भाजपा (एनडीए) का संकल्प : पंकज चौधरी
पंकज चौधरी का सपा-कांग्रेस पर बड़ा हमला!
पंकज चौधरी का सपा-कांग्रेस पर बड़ा हमला!

लखनऊ/सहारनपुर: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि सपा और कांग्रेस पीडीए तथा संविधान के नाम पर समाज को जातियों में बांटने का प्रयास कर रही हैं। दलित और पिछड़े समाज के प्रति उनका प्रेम केवल चुनावी लॉलीपॉप है। सपा शासन में गुंडे-माफिया सत्ता चलाते थे और चाचा-भतीजा मिलकर प्रदेश को लूटते थे।

Read More: BJP-अकाली दल करेंगे नशामुक्त पंजाब!

भाजपा (एनडीए) का संकल्प

उत्तर प्रदेश की जनता इनके शासन को चार बार देख चुकी है और इनके राजनीतिक मंसूबों को समझती है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने मंगलवार को सहारनपुर में आयोजित समरसता संकल्प यात्रा एवं जनसभा को संबोधित किया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि संत शिरोमणि सतगुरु रविदास जी महाराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना भाजपा और एनडीए का संकल्प है। संत रविदास जी ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां सभी को अन्न मिले और किसी के साथ भेदभाव न हो। इसी विचार को केंद्र में रखकर एनडीए सरकारें समरस समाज के निर्माण के लिए कार्य कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि संत रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में 29 जुलाई को काशी से समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ हुआ था। अब तक देशभर में करीब 29 हजार कलश वंदना यात्राएं निकाली गई हैं और 51 हजार स्थानों पर समरस दीप महोत्सव आयोजित किए गए हैं।

30 हजार से अधिक संतों का आशीर्वाद इस अभियान को मिला है। इसी क्रम में 18 नवंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने जालंधर से 16 दिवसीय समरसता संकल्प यात्रा को रवाना किया। सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से होते हुए 2,402 किलोमीटर की यह यात्रा आज सहारनपुर पहुंची है।

सपा-कांग्रेस कर रही समाज को बांटने की राजनीति

पंकज चौधरी ने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर को जीवनकाल में सम्मान नहीं दिया और उन्हें भारत रत्न से दशकों तक वंचित रखा। अनुच्छेद 370 के कारण जम्मू-कश्मीर में वाल्मीकि और दलित समाज नागरिक अधिकारों एवं आरक्षण से वंचित रहा, जिसे मोदी सरकार ने हटाकर उन्हें बराबरी का अधिकार दिलाया।

कांग्रेस शासन में गरीबों तक एक रुपये में से केवल 15 पैसे पहुंचते थे, जबकि 2014 से अब तक मोदी सरकार ने 54 लाख करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजे हैं। कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर संविधान का अपमान किया और आज उसी के नाम पर राजनीति कर रही है।

सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने संत रविदास नगर का नाम बदलकर समाज की आस्था का अपमान किया। उसके शासनकाल में गुंडे-माफियाओं का बोलबाला, गरीबों की जमीनों पर कब्जे और सरकारी नौकरियों में पक्षपात आम था। 2012 से 2017 के बीच दंगों के कारण पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कर्फ्यू और पलायन की स्थिति बनी रही। उस समय दंगाइयों को हेलीकॉप्टर से बुलाकर सम्मानित किया जाता था, जबकि आज कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा होती है।

सहारनपुर को मिली नई पहचान

पंकज चौधरी ने सहारनपुर के विकास पर कहा कि डबल इंजन सरकार ने क्षेत्र की कनेक्टिविटी, शिक्षा, पर्यटन और पारंपरिक उद्योगों को मजबूती दी है। सहारनपुर से दिल्ली तक की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। एक्सप्रेसवे से क्षेत्र के व्यापारियों, किसानों, काष्ठ कारीगरों और आम नागरिकों को लाभ मिल रहा है। पुवांरका में मां शाकम्भरी राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना से सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा का अवसर मिला है। मां शाकम्भरी देवी धाम के पर्यटन विकास के लिए राज्य सरकार ने 50 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है।

उन्होंने कहा कि सहारनपुर की काष्ठ कला को ओडीओपी और जीआई टैग के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। खाताखेड़ी, मंडी समिति रोड, चिलकाना रोड और आसपास के गांवों के डेढ़ लाख से अधिक कारीगरों को टूलकिट, सस्ते ऋण और अंतरराष्ट्रीय ट्रेड फेयर में मुफ्त स्टॉल जैसी सुविधाएं मिली हैं। देवबंद में स्थापित एटीएस कमांडो ट्रेनिंग सेंटर पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सुरक्षा को मजबूत कर रहा है।

सशक्त उत्तर प्रदेश हमारा लक्ष्य

पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में दलित और वंचित समाज के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। बाबा साहब से जुड़े पांचों स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया। स्टैंड अप इंडिया, छात्रवृत्ति, प्रधानमंत्री आवास और आयुष्मान भारत योजनाओं से दलित एवं गरीब परिवारों को शिक्षा, रोजगार, आवास और स्वास्थ्य की सुविधाएं मिली हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 81 करोड़ देशवासियों को राशन उपलब्ध कराया जा रहा है, जो संत रविदास जी के सबको अन्न मिलने के विचार को साकार करता है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के 163 केंद्रों पर मुफ्त आईएएस-पीसीएस कोचिंग दी जा रही है। प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 40 से बढ़कर 85 हो गई है और दो एम्स संचालित हैं। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में पांच लाख से अधिक बेटियों का विवाह कराया गया है। साथ ही, काशी में संत रविदास जी की जन्मस्थली सीरगोवर्धनपुर का विकास कराया गया है।

अंत में चौधरी ने कहा कि संत रविदास जी ने निष्काम कर्म का संदेश दिया था। भाजपा सरकार अंत्योदय के संकल्प के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। समरसता, सुरक्षा और विकास के आधार पर सशक्त उत्तर प्रदेश का निर्माण ही हमारा लक्ष्य है।

https://www.abplive.com/states/up-uk/akhilesh-yadav-took-jibe-at-pankaj-chuadhary-said-power-struggle-in-gorakhpur-too-3210831

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *