
संजय सिंह का मोदी पर हमला!
- कौशल दीक्षांत समारोह’ में प्रधानमंत्री मोदी ने यूपी के केवल 6 नौजवानों को किया सम्मानित, किसी को भी नौकरी नहीं;संजय सिंह
- मोदी जी के करोड़ों नौकरी के दावे पर संजय सिंह का तंज: बोले खुशी से आंसू नहीं रुक रहे
- 5 साल में नौकरी की जगह मिली लाठियां, जेल और पेपर लीक: संजय सिंह
- यूपी में 27 हजार स्कूल बंद कर खोली गईं 27 हजार मधुशालाएं: संजय सिंह
- चुनाव में हिंदू-मुसलमान कर वोट लेंगे मोदी-योगी, युवा जागें: संजय सिंह
लखनऊ: आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने रविवार को सोशल मीडिया पर बयान और वीडियो जारी करते हुए प्रधानमंत्री के लखनऊ दौरे व ‘कौशल दीक्षांत समारोह’ को लेकर केंद्र तथा प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला।

संजय सिंह ने व्यंग्यात्मक लहजे में तंज कसते हुए कहा- “मेरा तो खुशी से आंसू ही नहीं रुक रहा, मोदी जी ने यूपी के नौजवानों को करोड़ों नौकरियां बांट दीं!” उन्होंने युवाओं को झकझोरते हुए कहा, “नहीं समझे नौजवानों? दरअसल मोदी जी आपको मूर्ख समझते हैं। कल ‘कौशल दीक्षांत समारोह’ में प्रधानमंत्री मोदी ने यूपी के केवल 6 नौजवानों को सम्मानित किया और कोई नौकरी नहीं दी, और अब कहा जा रहा है कि आप ‘सीना फुलाकर घूमो’।”
सांसद ने कहा कि पूरा लखनऊ बंद कराकर और करोड़ों रुपये पानी की तरह बहाकर देश भर से आईटीआई के 52 बच्चों को सम्मानित किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश के मात्र 6 छात्र थे, लेकिन रोजगार एक को भी नहीं मिला।
5 साल में नौकरी की जगह मिली लाठियां
सांसद संजय सिंह ने रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश के नौजवानों से गोबर और गौमूत्र से नौकरी देने की बात कही गई थी, लेकिन बीते पांच सालों में युवाओं को केवल लाठियां और जेल के मुकदमे मिले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आज प्रदेश में आशा बहुएं, शिक्षामित्र, रोजगार सेवक और पैक्स के सचिव बेरोजगार हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक भर्ती में घोटाला और हर परीक्षा में पेपर लीक होने से हताश होकर नौजवान आत्महत्या करने को मजबूर हैं, जबकि सरकार बड़े आयोजनों के नाम पर सिर्फ नौटंकी करने में जुटी है।
मेरा तो ख़ुशी से आँसू ही नही रुक रहा। मोदी जी ने यू पी के नौजवानों को करोड़ों नौकरी बाँट दी। नही समझे नौजवानों, दरअसल मोदी जी आपको मूर्ख समझते हैं कल “कौशल दीक्षांत समारोह” में मोदी ने यू पी के 6 नौजवानों को सम्मानित किया कोई नौकरी नही दी, आप “सीना फुलाकर घूमो” चुनाव में हिन्दू-मुसलमान करके आपका वोट तो मोदी-योगी ले ही लेंगे।
— Sanjay Singh AAP (@SanjayAzadSln) November 22, 2026
यूपी में 27 हजार स्कूल बंद कर खोली
संजय सिंह ने प्रदेश की शिक्षा और आबकारी नीति पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश में 27 हजार सरकारी स्कूल बंद कर दिए और उनकी जगह 27 हजार मधुशालाएं खोल दी गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर युवाओं को शिक्षा से दूर रख रही है, ताकि वे अपने हक के बारे में कोई सवाल न कर सकें।
“अनपढ़ रहेगा इंडिया, तभी अंधभक्त बनेगा इंडिया”
भाजपा की नीतियों पर निशाना साधते हुए संजय सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश के लोगों को अनपढ़ बना कर रखना चाहती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मोदी-योगी सरकार का असली नारा है— “अनपढ़ रहेगा इंडिया, तभी अंधभक्त बनेगा इंडिया।” उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे लोग जानते हैं कि जब तक जनता को शिक्षित होने से रोका जाएगा, तब तक उनसे रोजगार और विकास पर कोई सवाल नहीं पूछा जाएगा।
Read More: लखनऊ में PM मोदी का युवाओं को रोजगार मंत्र
चुनाव में हिंदू-मुसलमान कर वोट लेंगे मोदी-योगी
संजय सिंह ने प्रदेश के युवाओं को आगाह करते हुए कहा कि सरकार मानती है कि “चुनाव में हिंदू-मुसलमान करके आपका वोट तो मोदी-योगी ले ही लेंगे।” उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आते ही अगड़ा-पिछड़ा, दलित-सवर्ण तथा ’80-20′ और ‘कटोगे-बटोगे’ जैसे नारों से नफरत फैलाकर वोट बटोरने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने नौजवानों से नींद से जागने और इस नफरत की राजनीति से बाहर आने की अपील करते हुए कहा कि वे सरकार से सीधे सवाल पूछें कि पिछले पांच सालों में प्रदेश के युवाओं को कितनी नौकरियां दी गईं।
