
68500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने घेरा उपमुख्यमंत्री का आवास
आयोग के आदेश का पालन किए जाने उठाई मांग
लखनऊ। 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती के आरक्षण संबंधी मामले में शनिवार को अभ्यर्थियों ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आवास का घेराव किया। अभ्यर्थियों का कहना है कि पिछले बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार उनका मामला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के माध्यम से अंतिम निर्णय लिए जाने की बात कही गई थी लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसीलिए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आवास का घेराव किया है।
Read More: भारत के 37 डीप-टेक स्टार्टअप्स का वैश्विक प्रदर्शन!
अभ्यर्थियों की मांग
अभ्यर्थियों ने आयोग के आदेश के अनुसार OBC वर्ग को आरक्षित श्रेणी में मानते हुए पूर्णांक 150 में से 60 अंक अर्थात 40 प्रतिशत के आधार पर संशोधित परिणाम जारी करने तथा पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग रखी।
लखनऊ, उत्तर प्रदेश: 68,500 शिक्षक भर्ती के उम्मीदवारों ने डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य के आवास के पास विरोध प्रदर्शन किया। वे राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश को लागू करने और OBC उम्मीदवारों के लिए न्याय की मांग कर रहे थे। उन्होंने नारे लगाए और डिप्टी CM से मिलने की कोशिश की। बाद… pic.twitter.com/EsvBmMhfCQ— IANS Hindi (@IANSKhabar) September 12, 2026
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह ने बताया की बीते 10 सितंबर को शिक्षा मंत्री संदीप सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन की ओर से यह बात कही गई कि OBC वर्ग को पांच प्रतिशत की छूट मिलनी चाहिए थी और उसे आरक्षित श्रेणी में रखा जाना चाहिए था। हालांकि, ऐसा किए बिना विज्ञापन जारी हुआ और भर्ती प्रक्रिया पूरी होकर नियुक्तियां भी दी जा चुकी हैं। चूंकि इस भर्ती प्रक्रिया को लगभग सात वर्ष बीत चुके हैं, इसलिए अब इस प्रकरण में उच्च स्तर पर निर्णय की आवश्यकता है।
केशव प्रसाद मौर्य के आवास का घेराव
बैठक में अधिकारियों की ओर से यह स्पष्ट किया गया था कि वर्तमान परिस्थितियों में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश के अनुपालन, OBC वर्ग को आरक्षित श्रेणी में मानते हुए संशोधित परिणाम जारी करने तथा नियुक्ति देने के संबंध में निर्णय उच्च स्तर पर लिया जाना आवश्यक है।

बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने इस पूरे प्रकरण पर माननीय मुख्यमंत्री से वार्ता करने की बात भी कही थी। बैठक में यह भी सामने आया कि मामले पर अंतिम सकारात्मक निर्णय मुख्यमंत्री स्तर से ही लिया जा सकता हैं। इसी आश्वासन को लेकर आज अभ्यर्थियों ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आवास का घेराव किया।
ईको गार्डन में जारी है आंदोलन
वहीं, 68,500 शिक्षक भर्ती के आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों का लखनऊ के ईको गार्डन में अनवरत आंदोलन आज भी जारी है। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे वर्षों से अपने अधिकार और न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं।
