यूपी में भारी बारिश का अलर्ट
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अगले एक सप्ताह के दौरान मानसूनी गतिविधियां लगातार सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 19 जुलाई से पूर्वी उत्तर प्रदेश में वर्षा की तीव्रता बढ़ेगी और कई स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 19 जुलाई से व्यापक वर्षा के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश तथा वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।
Read More: पेट्रोल पर शुल्क घटा, डीजल पर बढ़ा
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विभाग द्वारा गुरुवार को जारी सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार 16 और 17 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं से कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। 18 जुलाई से वर्षा की गतिविधियां तेज होने लगेंगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों पर बारिश होगी, जबकि पश्चिमी हिस्से में भी कई स्थानों पर वर्षा का क्रम शुरू हो जाएगा।
Realised Maximum/Minimum Temperature and Departure from Normal (In Last 24 Hours) pic.twitter.com/Hzu7lgHZMJ
— प्रादेशिक मौसम केंद्र, लखनऊ – IMD Uttar-Pradesh (@CentreLucknow) July 16, 2026
पूर्वानुमान के अनुसार 19 से 22 जुलाई के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में लगभग सभी स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। इस अवधि में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी अनेक स्थानों पर बारिश होगी, जिससे मानसून पूरे प्रदेश में सक्रिय बना रहेगा।
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 16 जुलाई को प्रदेश के दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं उमस भरी गर्मी बनी रह सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में इसी दिन कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ वज्रपात की भी आशंका है।
17 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए इस दिन कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। 18 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
मौसम संबंधी चेतावनी
— India Meteorological Department (@Indiametdept) July 16, 2026
मुख्य बिंदु
(i) उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा उससे सटे उत्तर ओडिशा–पश्चिम बंगाल तट पर स्थित सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र (Well-marked Low Pressure Area) के प्रभाव से आगामी 7 दिनों के दौरान पूर्वी एवं पूर्वोत्तर भारत, पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा पश्चिमी हिमालयी… pic.twitter.com/rZAsVkfmAi
19 से 22 जुलाई तक यूपी का हाल
मौसम विभाग के अनुसार 19 से 22 जुलाई तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा के साथ वज्रपात की आशंका बनी रहेगी। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में इस दौरान कहीं-कहीं भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर नहीं जाने तथा बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आगामी दिनों में मानसून की सक्रियता बढ़ने से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं, जिससे खरीफ फसलों के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनेंगी। हालांकि भारी वर्षा वाले क्षेत्रों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर जनजीवन प्रभावित होने की भी आशंका है।

