
हिमाचल में प्राकृतिक खेती का महाकुंभ!
शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में आगामी 29 नवंबर को “प्राकृतिक खेती एवं रसायन-मुक्त कृषि” विषय पर एक राज्यस्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी साई इटरनल फाउंडेशन ने यहां जारी विज्ञप्ति में दी। इसके अनुसार, इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करना, रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों पर निर्भरता कम करने के लिए प्रेरित करना, कृषि पैदावार की घटाने के उपायों पर विचार-विमर्श करना तथा पर्यावरण संरक्षण के साथ किसानों की आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।

सम्मेलन में राज्यपाल कविन्दर गुप्ता मुख्य अतिथि, गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत विशिष्ट अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में मार्गदर्शन करेंगे। इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू कार्यक्रम के अध्यक्ष के रूप में तथा पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और कृषि विशेषज्ञों को भी इस अवसर पर आमंत्रित किया गया है।
Read More: पंकज चौधरी का सपा-कांग्रेस पर बड़ा हमला!
राज्य स्तरीय सम्मेलन
इस राज्यस्तरीय सम्मेलन में राज्य के विभिन्न जिलों से किसान, कृषि वैज्ञानिक, कृषि विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि, सरकारी विभागों के अधिकारी, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य एवं प्राकृतिक खेती से जुड़े विशेषज्ञ भाग लेंगे। सम्मेलन के दौरान प्राकृतिक खेती से संबंधित एक कृषि प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें प्राकृतिक कृषि पद्धतियों, पारंपरिक एवं स्थानीय कृषि आदानों तथा रसायन-मुक्त कृषि उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा और विशेषज्ञ, किसानों को व्यावहारिक जानकारी एवं मार्गदर्शन देंगे।

सम्मेलन के प्रमुख उद्देश्यों में मिट्टी की उर्वरता एवं जैव विविधता का संरक्षण, जल संसाधनों की सुरक्षा, प्राकृतिक कृषि आदानों का उपयोग, खेती की लागत में कमी, किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन, प्राकृतिक उत्पादों के लिए विश्वसनीय बाजार व्यवस्था तथा किसानों और उपभोक्ताओं के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।
प्राकृतिक खेती एवं रसायन-मुक्त कृषि
इसके जरिए किसानों को वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक मार्गदर्शन के साथ प्राकृतिक खेती अपनाने, अपने खेतों में छोटे स्तर से इसका प्रयोग करने तथा अनुभवों के आधार पर इसका विस्तार करने के लिए प्रेरित किया जाएगा फाउंडेशन के संस्थापक सदस्य एवं निदेशक इंजीनियर राज कुमार वर्मा ने एक बयान में कहा कि प्राकृतिक खेती, पर्यावरण संरक्षण और किसानों की समृद्धि एक-दूसरे से जुड़े हुए विषय हैं।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे पर्वतीय राज्य में भूमि, जल, वन एवं जैव विविधता का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है और प्राकृतिक खेती का विस्तार किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है इस गैर-लाभकारी संस्था साई इटरनल फाउंडेशन का मानना है कि प्राकृतिक खेती केवल कृषि पद्धति में परिवर्तन नहीं, बल्कि स्वस्थ मिट्टी, स्वस्थ अन्न, स्वस्थ समाज और समृद्ध किसान की दिशा में एक व्यापक जन-अभियान है।
फाउंडेशन ने प्रदेश के किसानों, कृषि एवं बागवानी विशेषज्ञों, पंचायती राज संस्थाओं, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों से इस सम्मेलन में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उसका मानना है कि शासन, प्रशासन, कृषि वैज्ञानिकों और किसानों के सामूहिक प्रयासों से हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक खेती को एक व्यापक जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है।
