उत्तर प्रदेश

विकास नगर अग्निकांड: आप प्रतिनिधिमंडल ने लिया जायजा, राहत की मांग

  • विकास नगर झुग्गी बस्ती अग्निकांड के बाद पीड़ितों से मिला आप का प्रतिनिधिमंडल, हालात का लिया जायजा
  • “यह केवल घरों का नुकसान नहीं, बल्कि मेहनत से सजे सपनों का भी अंत है”: संजय सिंह
  • “आग में सब कुछ गंवाने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं”: संजय सिंह
  • “सरकार तुरंत राहत सामग्री उपलब्ध कराए, पीड़ितों को बेसहारा न छोड़े”: संजय सिंह
  • “2 घंटे देरी से पहुंची दमकल, तब तक 400 घर जलकर राख हो चुके थे”: विनय पटेल(अयोध्या प्रांत अध्यक्ष)
  • “24 घंटे बाद भी पीड़ितों को पानी तक नहीं मिला, यह अमानवीयता का चरम है”: विनय पटेल
  • “आग में मासूम बच्चों की मौत और पुलिस का रवैया बेहद चिंताजनक है”: इरम रिजवी( जिलाध्यक्ष लखनऊ)

लखनऊ: लखनऊ के विकास नगर की झुग्गी बस्ती में लगी भीषण आग की अत्यंत दुखद घटना पर गहरा दुख जताते हुए आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के निर्देश पर गुरुवार को पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल विकास नगर स्थित झुग्गी बस्ती में हुए भीषण अग्निकांड के बाद मौके पर पहुंचा और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हालात का जायजा लिया।

इस हादसे में सैकड़ों घर जलकर राख हो गए, हजारों लोग बेघर हो गए और कई मासूमों की जान चली गई। पार्टी ने इस घटना को अत्यंत दर्दनाक बताते हुए सरकार से तत्काल राहत, मुआवजा और पुनर्वास की मांग की है।

संजय सिंह ने विकास नगर अग्निकांड पर जताया दुख

इससे पहले आप सांसद संजय सिंह ने अपने x हैंडल से ट्वीट जारी करते हुए कहा- लखनऊ के विकास नगर की झुग्गी बस्ती में लगी भीषण आग की घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। इस हादसे में जिन परिवारों ने अपना आशियाना, मेहनत की कमाई और रोज़गार के साधन खो दिए हैं, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।

Read More: गुरुवार का ज्ञान: गुरु शिक्षा में सीखे ग्रहों का व्यापार से संबंध

उन्होंने कहा कि यह केवल घरों का नुकसान नहीं है, बल्कि उन सपनों और उम्मीदों का भी अंत है जिन्हें इन परिवारों ने वर्षों की मेहनत से संजोया था। संजय सिंह ने कहा कि सरकार से आग्रह है कि प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए और उनके पुनर्वास व रोजगार के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि वे फिर से अपने जीवन को संभाल सकें।

400 घर जलकर हुए राख – विनय पटेल

इस दौरान आप के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल ने बताया कि बुधवार शाम करीब 5:30 बजे आग लगी, लेकिन दमकल की गाड़ियां करीब 2 घंटे बाद मौके पर पहुंचीं, तब तक लगभग 400 घर जलकर राख हो चुके थे।

उन्होंने कहा कि पूरी रात लोग भूखे-प्यासे भटकते रहे, उनके पास न खाने को कुछ था और न ही रहने के लिए कोई जगह बची थी। सिलेंडर, बर्तन, साइकिल, मोटरसाइकिल समेत उनका सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि 24 घंटे बीत जाने के बाद भी सरकार की तरफ से राहत के नाम पर एक बोतल पानी तक उपलब्ध नहीं कराया गया।

लखनऊ जिलाध्यक्ष की सरकार से मांग

इस मौके पर मौजूद लखनऊ जिलाध्यक्ष इरम रिजवी ने बताया कि इस हादसे में एक 6 महीने की मासूम बच्ची की जलकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य बच्चे झुलस गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा पीड़ितों को वहां से हटाने का प्रयास किया जा रहा है, जो बेहद अमानवीय है।

उन्होंने मांग की कि सरकार तत्काल राहत सामग्री और राशन उपलब्ध कराए, सभी प्रभावित परिवारों के नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा दिया जाए और जिन लोगों की इच्छा है, उन्हें उसी स्थान पर दोबारा बसाने की व्यवस्था की जाए।

आम ने दी सरकार को चेतावनी

आम आदमी पार्टी ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि केवल बयानबाजी से काम नहीं चलेगा, बल्कि तत्काल राहत, पारदर्शी मुआवजा और स्थायी पुनर्वास की ठोस कार्ययोजना लागू करनी होगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

विकास नगर अग्निकांड: आप प्रतिनिधिमंडल ने लिया जायजा, राहत की मांग
विकास नगर अग्निकांड: आप प्रतिनिधिमंडल ने लिया जायजा, राहत की मांग

इस दौरान मौके पर पहुंचे आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल में अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल सहित जिला अध्यक्ष इरम रिजवी ,प्रांतीय उपाध्यक्ष मनोज मिश्रा,ऑटो प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतपाल सलूजा, प्रांतीय सचिव प्रीतेश चौधरी ,प्रांतीय सचिव अभिषेक सिंह ,ज्ञान सिंह कुशवाहा और पीके बाजपेई शामिल रहे।

https://www.bhaskar.com/local/uttar-pradesh/lucknow/news/lucknow-slum-fire-huts-burn-live-updates-137709084.html

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *